लखनऊ। वाराणसी और काठमांडू में सोमवार सुबह खराब मौसम और घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से हवाई यातायात प्रभावित हुआ। सुरक्षित उड़ान संचालन को देखते हुए वाराणसी और काठमांडू जाने वाले चार विमानों को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा। इनमें इंडिगो की दो, हिमालय एयरलाइंस और फ्लाईदुबई की एक-एक उड़ान शामिल हैं। अचानक विमान का मार्ग बदलने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए इंतजार करना पड़ा।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, बेंगलुरु से वाराणसी जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-6558 सोमवार सुबह 7:20 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी। वहीं, दिल्ली से वाराणसी जाने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-6246 ने सुबह 7:05 बजे लखनऊ में लैंडिंग की। दोनों विमानों को वाराणसी में कम दृश्यता के कारण लखनऊ की ओर मोड़ा गया।
इसी तरह चीन के हांगझोऊ से काठमांडू जा रही हिमालय एयरलाइंस की उड़ान संख्या एच-9226 सुबह 7:40 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंची। दुबई से काठमांडू जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान संख्या एफजेड-8399 को भी खराब मौसम के चलते डायवर्ट किया गया। यह विमान सुबह 8:18 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, वाराणसी और काठमांडू में मौसम खराब होने तथा घने कोहरे के कारण दृश्यता निर्धारित स्तर से कम हो गई थी। ऐसे में उड़ानों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमानों को लखनऊ डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी विमान में तकनीकी खराबी नहीं थी और न ही कोई आपात स्थिति उत्पन्न हुई थी।
अधिकारियों के मुताबिक, मौसम सामान्य होने और दृश्यता में सुधार आने के बाद चारों विमानों को उनके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा। कोहरे के कारण उड़ानों के संचालन पर असर पड़ने से यात्रियों को अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा।

