- बिसंडा थाने से देर रात फरार हुआ मलखान यादव, नाबालिग को भगाने के मामले में हुई थी गिरफ्तारी

- एसओजी और सर्विलांस टीम तलाश में जुटीं, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई

बांदा। जिले के बिसंडा थाने से पॉक्सो एक्ट के मामले में गिरफ्तार आरोपी के हथकड़ी समेत फरार होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। नाबालिग लड़की को भगाने के मामले में गिरफ्तार किया गया आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर थाना परिसर से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। फरार आरोपी की तलाश में थाना पुलिस के साथ एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया है।

जानकारी के मुताबिक, 31 अक्टूबर की रात पुलिस ने मलखान यादव को गिरफ्तार किया था। आरोपी को थाना बिसंडा लाकर पुलिस निगरानी में रखा गया था। बताया जा रहा है कि देर रात मौका पाकर आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा दे गया और हथकड़ी समेत थाने से फरार हो गया।

फरार आरोपी मलखान यादव पुत्र कल्लू निवासी ग्राम महोखर, थाना कोतवाली देहात, जनपद बांदा का रहने वाला है। उसकी उम्र करीब 30 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी कोतवाली देहात का हिस्ट्रीशीटर भी बताया जा रहा है।

फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने उसका हुलिया जारी कर तलाश तेज कर दी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

क्षेत्राधिकारी बबेरू कृष्णकांत त्रिपाठी ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। आरोपी के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जल्द गिरफ्तारी कर आगे की विधिक कार्रवाई किए जाने की बात कही।