विवेचना के लिए घटनास्थल ले जाते समय छिपाए गए असलहे से पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी; आक्रोशित ग्रामीणों ने सीओ समेत पुलिस की आधा दर्जन गाड़ियों के शीशे तोड़े

हमीरपुर। जिले के मुस्करा थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की सनसनीखेज वारदात के आरोपी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी को विवेचना के सिलसिले में घटनास्थल पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे गए असलहे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी गोली लगने से घायल हो गया।

खेत में ले जाकर वारदात को दिया था अंजाम

जानकारी के मुताबिक, बीती शाम आरोपी तीन वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने साथ खेत की ओर ले गया था। आरोप है कि वहां बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। मासूम की मौत की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।

आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस वाहनों में की तोड़फोड़

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ भी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान राठ क्षेत्राधिकारी समेत पुलिस की आधा दर्जन गाड़ियों को निशाना बनाया गया और उनके शीशे तोड़ दिए गए। मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी।

फिलहाल घायल आरोपी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस पूरे मामले की विवेचना और मुठभेड़ से जुड़े घटनाक्रम की जांच में जुटी है। मासूम बच्ची के साथ हुई इस जघन्य वारदात से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।