- बारात निकलने से पहले चली गोली मासूम के पेट में लगी

- अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

- आरोपी फूफा की तलाश में जुटी पुलिस

सुल्तानपुर। जनपद के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के फुटेहरी गांव में रविवार शाम शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशियों को मातम में बदल दिया। गोली लगने से पांच वर्षीय मासूम अर्श पटेल की मौत हो गई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और परिवार में चीख-पुकार शुरू हो गई।

जानकारी के अनुसार, गिरिवर गोपाल पटेल के चचेरे भाई अनुराग पटेल की बारात सूरापुर स्थित सुंदर मैरिज लॉन से निकलने वाली थी। रविवार शाम करीब 6:30 बजे बारात की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान अर्श के फूफा अजय ने कथित तौर पर हर्ष फायरिंग कर दी। गोली सीधे अर्श के पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजन आनन-फानन में मासूम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादीपुर लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। सीओ कादीपुर विनय गौतम के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। आरोपी अजय की तलाश की जा रही है।

शादी समारोह में हुई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर हर्ष फायरिंग की जानलेवा प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस घर में बारात की तैयारियों के बीच खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मासूम की मौत से मातम पसरा हुआ है।