छत्रपति शिवाजी सेना के तत्वावधान में आयोजित हुआ कार्यक्रम, भोजपुरी अभिनेता संग्राम सिंह पटेल ने किया प्रतिमा पर माल्यार्पण, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लिया हिस्सा

इंद्रागढ़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर इंद्रागढ़ में छत्रपति शिवाजी सेना के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जयंती समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत इंद्रागढ़ चौराहे पर कार्यकर्ताओं के एकत्र होने के साथ हुई। यहां से भव्य रैली निकाली गई, जो सरदार पटेल इंटर कॉलेज पहुंची। कॉलेज परिसर में स्थापित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर मुख्य अतिथि भोजपुरी अभिनेता संग्राम सिंह पटेल सहित उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस दौरान सरदार पटेल के जीवन, उनके संघर्ष और देश की एकता एवं अखंडता में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देश की एकता, संगठन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज को मजबूत बनाने का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम में श्रवण कुमार, श्यामपाल, सत्यम पटेल, उत्तम कुमार, आशुतोष कटियार, नितिन कटियार और बाबा राधेश्याम पटेल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। समारोह के दौरान भारत माता की जय और सरदार पटेल अमर रहें के नारों से वातावरण गूंज उठा।