- फर्रुखाबाद में करीब 100 विज्ञान मॉडलों का प्रदर्शन, 200 से 250 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
- कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स और स्मार्ट रेलवे स्टेशन के मॉडल रहे आकर्षण
फर्रुखाबाद। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तकनीकी कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पीएम श्री महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, फतेहगढ़ में बुधवार को जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन कर विद्यार्थियों के मॉडलों का अवलोकन किया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने करीब 100 विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए, जिनमें लगभग 200 से 250 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशन में जिला विज्ञान क्लब, फर्रुखाबाद की ओर से आयोजित प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने आधुनिक तकनीक और जनोपयोगी विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र आशु सिंह ने एडवांस्ड रडार विजन इंटेलिजेंस सिस्टम (एआरवीएस) मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान हासिल किया। पीएम श्री जीजीआईसी, फतेहगढ़ की छात्रा छवि बैस ने ब्लॉकचेन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर आधारित मॉडल के लिए दूसरा स्थान प्राप्त किया। मदन मोहन कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा रिषिता गुप्ता स्मार्ट रेलवे स्टेशन का मॉडल प्रस्तुत कर तीसरे स्थान पर रहीं।
सेंट पॉल ब्राइटन एकेडमी के छात्र ऋषभ राजपूत और पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, रोशनाबाद के छात्र अनिकेत को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।
प्रदर्शनी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स, सेंसर तकनीक, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, ब्लॉकचेन तकनीक और स्मार्ट रेलवे स्टेशन जैसे विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से कृषि सुधार, परिवहन व्यवस्था, सुरक्षा और दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान से जुड़े विचार रखे।
निर्णायक मंडल ने मॉडलों की उपयोगिता, नवीनता, वैज्ञानिक अवधारणा और प्रस्तुतीकरण के आधार पर मूल्यांकन किया। निर्णायक मंडल में डॉ. कल्पना सिंह, प्राचार्य, मान्यवर कांशीराम राजकीय महाविद्यालय, निनौआ; डॉ. सुदेश शर्मा, भौतिक विज्ञान की सहायक आचार्य, आरपी डिग्री कॉलेज, कमालगंज; सौरभ कुमार पांडेय, रसायन विज्ञान के सहायक आचार्य तथा निर्मला सिंह, एमसीए एवं गणित शिक्षिका, पीएम श्री जीजीआईसी, फतेहगढ़ शामिल रहीं।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5,000 रुपये, द्वितीय स्थान वाले को 3,000 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। दोनों सांत्वना पुरस्कार विजेताओं को 1,000-1,000 रुपये प्रदान किए जाएंगे। चयनित प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। विजेता प्रतिभागी आगामी मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में फर्रुखाबाद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नए प्रयोगों तथा नवाचार की निरंतर आवश्यकता है। विद्यार्थियों को जिज्ञासु बने रहकर अपने आसपास होने वाली घटनाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और तार्किक क्षमता के माध्यम से समाज की अनेक समस्याओं का व्यावहारिक समाधान खोजा जा सकता है।
जिला विज्ञान क्लब की जिला समन्वयक एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या दीपिका राजपूत ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, नवाचार और तकनीकी कौशल विकसित करना है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपने विचारों को उपयोगी मॉडल और आविष्कारों में बदलने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम का संचालन सरिता त्रिवेदी ने किया। आयोजन को सफल बनाने में ज्योति, ऋचा तिवारी, आरती यादव, नीलम कश्यप, स्वालिया, प्रतिभा, अर्चना गुप्ता, मोनी चौहान, गुलशन जहां, दीप्ति सिंह, रीता, उषा मीना, रिंकू, अजय सहित अन्य शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने सहयोग किया।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विज्ञान और प्रौद्योगिकी के माध्यम से समाजोपयोगी समाधान प्रस्तुत करने की अपनी क्षमता का परिचय दिया।


