- मृतका के पिता ने लगाया हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप

- बिना जानकारी अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की भी कही बात

कंपिल, फर्रुखाबाद।थाना कंपिल क्षेत्र के चमन नगरिया गांव में मंगलवार दोपहर एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के कमरे में फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। परिजन आनन-फानन में महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे मायके पक्ष ने हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंपिल क्षेत्र के गांव चमन नगरिया निवासी रंजीत की 25 वर्षीय पत्नी अमिता का शव मंगलवार दोपहर घर के एक कमरे में रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन महिला को तत्काल सीएचसी कायमगंज ले गए, लेकिन वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर हरदोई जनपद के थाना सवायजपुर क्षेत्र के गांव गोरिया निवासी मृतका के पिता रामलड़ैते मौके पर पहुंचे। उन्होंने बेटी की हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें बिना बताए शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने का प्रयास किया गया।

मृतका के पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों की पुष्टि होने की उम्मीद है।

रामलड़ैते ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी बेटी को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर अमिता की हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया।

पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति रंजीत, सास अमरवती, जेठ सुग्रीव और सीताराम तथा जेठानियों पूजा और शीला सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले में दहेज उत्पीड़न और दहेज हत्या से संबंधित आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

कार्यवाहक थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।