महिला बंटवारे को लेकर दर-दर भटक रही
खेत और ट्रैक्टर में हिस्सा न देने का आरोप, दो मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित है मीरा
संवाददाता अमृतपुर
अमृतपुर (फर्रुखाबाद)।
अमृतपुर थाना क्षेत्र के मंझा की मढ़ैया गांव निवासी मीरा पत्नी विजय पति की मौत के बाद अपने हिस्से के लिए भटक रही हैं। महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे खेत और ट्रैक्टर में हिस्सा नहीं दे रहे हैं। वह पिछले दो दिनों से अमृतपुर थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन अभी तक उसकी समस्या का समाधान नहीं हुआ है।मीरा का कहना है कि उसके पति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद शुरू हो गया। महिला के मुताबिक, उसके ससुर खेत और ट्रैक्टर में हिस्सा देने से इनकार कर रहे हैं। ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि वह दूसरी जगह शादी कर लेगी। वहीं, बच्चों के नाम संपत्ति करने की बात भी कही जा रही है। मीरा का कहना है कि वह अपने दोनों छोटे बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित है और उनका पालन-पोषण खुद करना चाहती है।
महिला ने पति की दुर्घटना के बाद मिले क्लेम की रकम को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उसका कहना है कि उसके बैंक खाते में करीब साढ़े तीन लाख रुपये हैं। इसके अलावा उसने 50 हजार रुपये सराफा कारोबारी से जुड़े लेन-देन में निपटाए थे। मीरा का आरोप है कि शादी में मिले सोने-चांदी के आभूषण भी उससे ले लिए गए हैं। इनमें सोने की एक जोड़ी बाली, सोने की चेन और चांदी की पायल शामिल हैं। महिला का कहना है कि अब उसके पास पहनने के लिए भी आभूषण नहीं बचे हैं।मीरा का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे खेत और ट्रैक्टर में हिस्सा नहीं देना चाहते। वह अपने दोनों बच्चों के साथ अपने हक की मांग कर रही है। फिलहाल, संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद बना हुआ है।

