अंबाला। हरियाणा के अंबाला छावनी में चल रही अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों से ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मेडिकल जांच में अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर उनसे धोखाधड़ी की जा रही थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए एक कथित फर्जी एयरफोर्स अधिकारी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को बुधवार रात रैना ऑडिटोरियम के पास से गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान फरीदाबाद के बल्लभगढ़ निवासी विष्णु कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी अग्निवीर भर्ती में शामिल होने आए युवाओं को मेडिकल जांच में पास कराने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहा था।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से इकबाल नाम से बना एयरफोर्स का पहचान पत्र बरामद हुआ है। पुलिस को उसके पास से 10 से अधिक अभ्यर्थियों के दस्तावेज भी मिले हैं। इन दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने कितने युवाओं को निशाना बनाया और इस ठगी में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है। बरामद पहचान पत्र और अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने भर्ती प्रक्रिया में धोखाधड़ी करने वाले लोगों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं और भर्ती से संबंधित सभी आधिकारिक जानकारी केवल अधिकृत माध्यमों से ही प्राप्त करें।