कायमगंज (फर्रुखाबाद)। इफको केंद्र पर खाद लेने के लिए किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। खाद पाने के लिए किसानों को सुबह से ही लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। शनिवार को भी किसान सुबह करीब सात बजे से केंद्र पर पहुंचने लगे, लेकिन कई घंटे इंतजार करने के बाद भी दोपहर तक तमाम किसानों का नंबर नहीं आया। इससे किसानों में नाराजगी और बेचैनी देखने को मिली।

किसानों का कहना है कि खेती-किसानी के काम के बीच खाद लेने के लिए उन्हें घंटों समय केंद्र पर बिताना पड़ रहा है। सुबह जल्दी पहुंचने के बावजूद लंबी कतार के कारण उनका नंबर देर से आ रहा है। कई किसान खाद मिलने की उम्मीद में सुबह से दोपहर तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे। किसानों को आशंका है कि समय पर खाद नहीं मिली तो खेतों में चल रहे कृषि कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

वहीं, इफको केंद्र प्रभारी ने केंद्र पर डीएपी और एनपीके खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने की बात कही है। उनका कहना है कि खाद की कमी नहीं है और किसानों को उपलब्धता के अनुसार खाद दी जा रही है। इसके बावजूद केंद्र पर किसानों की भीड़ और लंबी कतारों के चलते वितरण में समय लग रहा है।

खाद के लिए लगातार लग रही कतारों ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। किसान चाहते हैं कि वितरण व्यवस्था ऐसी हो, जिससे उन्हें घंटों इंतजार न करना पड़े और समय पर खाद मिल सके।