राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत बस स्टॉपिंग पर लगेगी रोक, दुर्घटना संभावित स्थलों पर रिफ्लेक्टर और रोड मार्किंग कराने के निर्देश
फर्रुखाबाद। जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में दोनों अधिकारियों की संयुक्त अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। इसमें सड़कों की मरम्मत, दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान, कोहरे से बचाव और राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए। सड़कों पर बने गड्ढों और टूटे हिस्सों को तत्काल ठीक कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरम्मत कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और अधिकारियों द्वारा नियमित निगरानी की जाए।
आगामी शीत ऋतु और कोहरे की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने प्रमुख मार्गों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर दिशा सूचक बोर्ड, मार्ग संकेतक, रिफ्लेक्टर और सड़क पर बनी सफेद पट्टियों को दुरुस्त कराया जाए। जिन स्थानों पर संकेतक टूटे हुए हैं या स्पष्ट दिखाई नहीं देते, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए।
उन्होंने कहा कि कोहरे और ओस के कारण दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को सड़क की स्थिति और दिशा की स्पष्ट जानकारी मिलना जरूरी है।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोडवेज और निजी बसों के अनियमित ठहराव पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि बसों का संचालन और ठहराव निर्धारित बस स्टॉप तथा अधिकृत स्थानों पर ही कराया जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत रूप से बसें खड़ी करने और सड़क पर ही सवारियां उतारने-बैठाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण कर यातायात बाधित होने और जाम की स्थिति को रोकें।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। सड़कों पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े करने और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों पर नियंत्रण रखा जाए। उन्होंने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि सभी संबंधित विभागों को मिलकर काम करना होगा। आमजन को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) सुभाष, परियोजना निदेशक एनएचएआई विश्वास कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज, सदस्य सड़क सुरक्षा समिति मुकेश गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।

