गाजियाबाद: गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस (Ghaziabad Commissionerate Police) की मसूरी पुलिस और बागपत के खेकड़ा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ (encounter) में बावरिया गिरोह का बदमाश धर्मेन्द्र उर्फ टिंडी उर्फ टिड्डी मारा गया। उस पर गाजियाबाद और बागपत में कुल एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, बीती देर रात मसूरी पुलिस को सूचना मिली थी कि धर्मेन्द्र निठौरा रोड की ओर किसी बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान धर्मेन्द्र उर्फ टिंडी उर्फ टिड्डी पुत्र इन्द्रपाल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ गाजियाबाद, बागपत समेत कई जिलों में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज थे। उसकी गिरफ्तारी पर गाजियाबाद के मसूरी थाने से 50 हजार और बागपत के खेकड़ा थाने से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

