किसानों को मिल रहे हैं अनुदानित उन्नत बीज, सरसों की मिनी किट मुफ्त

कमालगंज, फर्रुखाबाद। नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति, कमालगंज स्थित राजकीय बीज भंडार का आज जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिला कृषि अधिकारी ने बीज भंडार में उपलब्ध बीजों की गुणवत्ता, स्टॉक रजिस्टर और वितरण व्यवस्था की गहनता से जांच की।

इस अवसर पर यूथ इंडिया न्यूज़ ब्लॉक कमालगंज के संवाददाता विपिन सिंह से बातचीत में जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को सबसे अधिक सब्सिडी आधारित कृषि बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में भंडार पर सरसों की मिनी किट बिल्कुल निःशुल्क वितरित की जा रही है। इसके साथ ही मटर के उन्नत बीज तथा गेहूं की उन्नत प्रजातियों के बीज अनुदान पर उपलब्ध हैं। गेहूं में डब्ल्यू-187, 303, 327, फाउंडेशन, 357 और 1270 जैसी उन्नत वैरायटियां किसानों को रियायती दरों पर दी जा रही हैं।

जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे सरकार की इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय से उन्नत बीज प्राप्त कर बुवाई करें।

निरीक्षण के दौरान पीओएस मशीन में खराबी मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और स्वयं हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कर मशीन को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।

इस मौके पर बीडीओ संजीव कुमार, कृषि रक्षा इकाई प्रभारी शैलेंद्र कुमार सहित कृषि विभाग इकाई का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।