शिवपाल यादव समर्थकों ने शहर में लगाए पोस्टर, चाचा को बनाया पोस्टर बॉय
- लिखा- 'चचा हैं तो सपा है'
लखनऊ।समाजवादी पार्टी की जीत के जश्न के बीच राजधानी लखनऊ में पार्टी की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर चर्चा में आ गई है। शहर के अलग-अलग इलाकों में लगाए गए पोस्टरों ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। इन पोस्टरों में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तस्वीर नदारद है, जबकि शिवपाल यादव को प्रमुखता से जगह दी गई है।
बताया जा रहा है कि शिवपाल यादव के समर्थकों की ओर से लगाए गए इन पोस्टरों में शिवपाल यादव को पोस्टर बॉय के रूप में पेश किया गया है। पोस्टरों पर बड़े अक्षरों में लिखा गया है— 'चचा हैं तो सपा है।' खास बात यह है कि पोस्टरों में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर को जगह नहीं दी गई है।
जीत के जश्न के बीच इस तरह के पोस्टर लगाए जाने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसे पार्टी के भीतर अलग-अलग नेताओं के समर्थकों की राजनीतिक सक्रियता और शक्ति प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पोस्टर लगाने वालों की मंशा और इस संबंध में पार्टी नेतृत्व की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
राजधानी में लगे इन पोस्टरों ने एक बार फिर चाचा शिवपाल यादव और भतीजे अखिलेश यादव के राजनीतिक रिश्तों को लेकर चर्चाओं को हवा दे दी है। अब देखना होगा कि समाजवादी पार्टी का नेतृत्व इस मामले पर क्या प्रतिक्रिया देता है।

