नाबार्ड के सहयोग से उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने चलाया जागरूकता अभियान, सफाईकर्मियों को शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित
अमृतपुर
ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को अमृतपुर में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) की वित्तीय समावेशन निधि के अंतर्गत प्रायोजित इस कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय फर्रुखाबाद की ओर से किया गया। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के तहत आयोजित कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के जरिए ग्रामीणों को जागरूकता का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता की महत्ता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। कलाकारों ने लोगों को समझाया कि स्वच्छता केवल सरकार या सफाईकर्मियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, गंदगी न फैलाने और स्वच्छ भारत अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
इसके साथ ही बैंक अधिकारियों ने वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता के तहत उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग, सुरक्षित ऑनलाइन लेनदेन और बैंकिंग सेवाओं के सही इस्तेमाल के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि बैंकिंग सुविधाओं का सुरक्षित और समझदारी से उपयोग कर ग्रामीण भी आधुनिक डिजिटल व्यवस्था का लाभ उठा सकते हैं।कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाले कर्मियों वंदना, रामप्रताप और सुमित को बैंक अधिकारियों ने शॉल भेंटकर सम्मानित किया। उनके कार्यों की सराहना करते हुए स्वच्छता अभियान में योगदान देने वाले कर्मियों का उत्साहवर्धन किया गया।इस मौके पर भाजपा नेता अनुराग सिंह, देवेंद्र देव तिवारी, बैंक मित्र करुणेश सिंह, ग्रामीण बैंक मैनेजर अनुराग सिंह सहित बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिलाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता के साथ-साथ वित्तीय और डिजिटल जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

