कंपिल (फर्रुखाबाद)। कंपिल-अलीगंज मार्ग पर कटिया रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित फर्नीचर और ऑटो पार्ट्स की दुकान में चोरों ने सेंध लगा दी। चोर दीवार और छत के रास्ते दुकान में दाखिल हुए और नकदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान चोरों ने सीसीटीवी कैमरे, एलईडी और डीवीआर भी तोड़कर अपने साथ ले लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्र के गांव खेतलपुर सौरिया निवासी रजनेश कुमार की कटिया रेलवे क्रॉसिंग के निकट कंपिल-अलीगंज मार्ग पर संकटमोचन फर्नीचर और ऑटो पार्ट्स के नाम से दुकान है। दुकानदार के मुताबिक, शनिवार की रात चोर खेतों की ओर से दुकान के पीछे पहुंचे और छत पर चढ़ गए। इसके बाद सीढ़ियों का दरवाजा तोड़कर दुकान के अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने दुकान में रखी करीब 40 हजार रुपये की नकदी, ऑटो पार्ट्स की मशीनें, बाइक के इंजन और अन्य सामान समेट लिया।

चोर दुकान से सीसीटीवी कैमरे, एलईडी, डीवीआर, मोटर की बैटरी, इंजन ऑयल की दो पेटियां, दो मिक्सी, एक टिल्लू पंप, दो खुले मोटरसाइकिल इंजन, दो बोरी सिल्वर पुर्जों का कबाड़ और एक टूल किट भी ले गए। दुकानदार के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये है।

शनिवार सुबह करीब आठ बजे जब रजनेश कुमार दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। दुकान का सामान बिखरा देखकर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। हल्का इंचार्ज उमेश कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है।

सीओ कायमगंज अजय वर्मा ने बताया कि दुकान में चोरी की जानकारी मिली है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।