फर्रुखाबाद। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने अभियान चलाया। जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान कायमगंज क्षेत्र के अताईपुर कोहना गांव से निर्मला देवी पत्नी उमाशंकर को देशी शराब के 11 टेट्रा पैक के साथ गिरफ्तार किया गया। वहीं, ममापुर गांव में छापेमारी के दौरान 14 लीटर अवैध कच्ची शराब और 200 किलोग्राम लहन बरामद हुआ। बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विभाग ने आबकारी अधिनियम के तहत तीन अभियोग दर्ज किए हैं।
आबकारी आयुक्त के आदेश और जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने टीम के साथ कार्रवाई की। विभाग की टीम ने संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की जांच की।
इसके अलावा आबकारी टीम ने गदनपुर चैन तिराहा, रोशनाबाद, बरझाला, धमगवां और फैजबाग स्थित देशी शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। रोशनाबाद, बरझाला और फैजबाग की कंपोजिट दुकानों की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता परखी गई। दुकानों की कैंटीन की भी जांच की गई।
अधिकारियों ने दुकानदारों और अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन के निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि स्टॉक और अभिलेखों में किसी भी तरह की अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

