जनपद के जहानगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक हृदय विदारक सड़क हादसा हो गया। गुलरिया गांव के पास हुए इस हादसे में 7 साल की मासूम बच्ची की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल लोहिया में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरफाबाद के एक निजी विद्यालय में पढ़ने वाली 7 वर्षीय नूर फातिमा पुत्री सद्दाम हुसैन को स्कूल में अचानक पेट में दर्द की शिकायत हुई थी। बताया जा रहा है कि स्कूल प्रबंधन ने उसे अन्य बच्चों के साथ अलकेश नाम के युवक की बाइक से घर भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुलरिया गांव के समीप अलकेश की बाइक एक ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रही थी, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और बाइक पर बैठी बच्ची नूर फातिमा गिरकर ट्रैक्टर के नीचे आ गई। ट्रैक्टर का पहिया उसके ऊपर से निकल गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस दौरान बाइक पर सवार छात्र जैद भी घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नूर फातिमा को मृत घोषित कर दिया। वहीं जैद की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल डॉ. राम मनोहर लोहिया रेफर कर दिया गया।
मृतका के पिता सद्दाम हुसैन मूल रूप से सरफाबाद के रहने वाले हैं और वर्तमान में बड़ौदा में ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
उधर, इस घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लग रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी छोटी बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर स्कूल प्रबंधन को परिजनों को सूचित करना चाहिए था, न कि अन्य बच्चों के साथ बाइक से घर भेजना चाहिए था।
सूचना मिलते ही जहानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


