अयोध्या: रामनगरी अयोध्या (Ayodhya) में राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थाई सुरक्षा समिति की अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रतिभाग करने एडीजी लखनऊ (ADG Lucknow) जोन प्रवीण कुमार विशेष रूप से अयोध्या पहुंचे। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में राम मंदिर परिसर की वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के साथ आगामी धार्मिक आयोजनों को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के उपरांत एडीजी प्रवीण कुमार ने राम जन्मभूमि परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

एडीजी ने 7 नवंबर को आयोजित होने वाले दसवें दीपोत्सव की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कार्तिक मास अयोध्या के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इस दौरान 14 कोसी व पंचकोसी परिक्रमा, दीपोत्सव और कार्तिक पूर्णिमा स्नान जैसे बड़े धार्मिक आयोजन होते हैं, जिनमें लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंचते हैं।

एडीजी प्रवीण कुमार ने कहा कि राम जन्मभूमि की सुरक्षा को लेकर यह बैठक नियमित प्रक्रिया है। सुरक्षा को और अधिक मजबूत, सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने के लिए समय-समय पर आवश्यक बदलाव किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा में आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाएगा, साथ ही स्थानीय लोगों का विश्वास और सहयोग हासिल करना भी प्राथमिकता होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कार्तिक मास के सभी धार्मिक कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।