ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट (Greater Noida West) की एक हाईराइज सोसाइटी (High-rise society) में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे में पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। पूजा के लिए फूल तोड़ते समय बेटा 23वीं मंजिल की बालकनी से गिरा और उसे बचाने की कोशिश में पिता भी नीचे जा गिरे। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके बेटे आरव के रूप में हुई है। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, रणदीप पात्रा अपनी पत्नी अमृता श्रीमणि और बेटे आरव के साथ महागुन मायवुड्स सोसाइटी के टावर-23 में पिछले चार वर्षों से रह रहे थे। रणदीप और उनकी पत्नी दोनों केंद्रीय सचिवालय, दिल्ली में सेक्शन ऑफिसर थे। परिवार को शुक्रवार को राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्याम मंदिर जाना था। वहां जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े काम के लिए उन्हें सुबह 10.30 बजे रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचना था।

अमृता के बयान के आधार पर पुलिस ने बताया कि मंदिर जाने की तैयारी के लिए दंपती सुबह करीब चार बजे उठे थे। रणदीप ने बेटे आरव को भी जगाया और उसे बालकनी में ले गए। बालकनी में लगी बेल के फूल काफी ऊंचाई पर थे, इसलिए वहां सीढ़ी लगाई गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरव सीढ़ी पर चढ़कर फूल तोड़ रहा था और उसका एक पैर करीब साढ़े चार फीट ऊंची रेलिंग पर था। सुबह हुई बारिश के कारण बालकनी और रेलिंग गीली थी। इसी दौरान सीढ़ी का संतुलन बिगड़ा और आरव का पैर फिसल गया।

बेटे को नीचे गिरता देखकर रणदीप उसे बचाने के लिए आगे बढ़े. इस दौरान उनका भी संतुलन बिगड़ गया और दोनों 23वीं मंजिल से नीचे क्लब की छत पर जा गिरे। हादसे के समय अमृता दूसरे कमरे में खाटू श्याम मंदिर जाने के लिए तैयार हो रही थीं। इस दुर्घटना में उन्होंने अपने पति और इकलौते बेटे को खो दिया।पुलिस हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है। नोएडा के डीसीपी प्रवीण रंजन सिंह के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।