- कई राज्यों में लाखों रुपये की ठगी के प्रमाण मिले।
- लग्जरी कार,6 मोबाइल, 13 सिम,7 एटीएम कार्ड मिले।
उरई (जालौन) 29 अक्टूबर। साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जालौन साइबर क्राइम थाना पुलिस को एक बड़ी और धमाकेदार सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शादी डॉट कॉम और जीवनसाथी डॉट कॉम जैसी मैट्रिमोनियल साइटों के जरिए भोली-भाली लड़कियों को शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले संगठित गैंग का पर्दाफाश कर 3 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस महानिदेशक साइबर यूपी लखनऊ विनोद कुमार के निर्देश, आईजी झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि के मार्गदर्शन में एएसपी डॉ. ईशान सोनी व सीओ साइबर क्राइम परमेश्वर प्रसाद के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अभियुक्त मैट्रिमोनियल साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लड़कियों से संपर्क करते थे। कुछ दिन बात कर विश्वास में लेने के बाद माता-पिता व परिजनों के एक्सीडेंट या गंभीर बीमारी का बहाना बनाकर डॉक्टर के फर्जी पर्चे दिखाते थे और इलाज के नाम पर क्यूआर कोड के जरिए पैसे मंगवाते थे। पैसे मांगने पर नंबर ब्लॉक कर देते थे। जांच में पता चला कि इनके मोबाइल नंबरों पर एनसीआरपी पोर्टल पर गैर जनपद व गैर राज्यों में 5 शिकायतें दर्ज हैं। अब तक करीब 8,04,881 रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है, जबकि झांसी व दतिया मप्र में इन पर 66 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस कप्तान ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में उमाकांत पटेल पुत्र बलराम पटेल निवासी कोछाभांवर थाना नवाबाद झांसी रविकांत यादव पुत्र भारत सिंह यादव निवासी उसरगांव थाना कोतवाली उरई और
कौशल किशोर उर्फ विक्की चौरसिया पुत्र सीताराम चौरसिया निवासी उमरारखेड़ा कोतवाली उरई के नाम शामिल हैं। इनके अलावा एक अभियुक्त मंगल सिंह पुत्र भारत सिंह यादव निवासी उसरगांव कोतवाली उरई अभी फरार है। पुलिस ने इनके कब्जे से 6 मोबाइल, 13 सिम कार्ड, 7 एटीएम कार्ड, 2 रबर मोहर मय स्टाम्प पैड, 8 खाली डॉक्टर पर्चे, 2 प्रिस्क्राइब्ड पर्चे, 2 आधार कार्ड, एक बैग और एक स्विफ्ट डिजायर कार यूपी 92 एएच 4033 बरामद की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार, निरीक्षक शिव प्रसाद दुबे, उपनिरीक्षक आयुष गुप्ता, एकांश सिंह, शिवेन्द्र सिंह परमार, आलोक मिश्रा सहित अन्य कांस्टेबल शामिल रहे।
