जिला विद्यालय निरीक्षक ने तत्काल प्रभाव से जारी किया आदेश, पूर्व क्रीड़ा सचिव से पत्रावली और अभिलेख लेने के निर्देश

स्वतंत्र भारत ब्यूरो

फर्रुखाबाद। जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार ने क्रिश्चियन इंटर कॉलेज के शारीरिक शिक्षक एवं जिला क्रीड़ा सचिव अतुल दास को तत्काल प्रभाव से जिला क्रीड़ा प्रभारी के पद से हटा दिया है। अब वह विद्यालय में ही अपने मूल दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उनके स्थान पर भारतीय पाठशाला इंटर कॉलेज के शारीरिक शिक्षक केशव गंगवार को जिला क्रीड़ा प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से 02 नवंबर 2026 को जारी आदेश पत्रांक संख्या मा०/विवि/9354-56/2026-27 में केशव गंगवार को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि वह पूर्व क्रीड़ा सचिव अतुल दास से संबंधित पत्रावलियां, अभिलेख एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर जिले में खेलकूद संबंधी गतिविधियों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करें।

गौरतलब है कि 23 अक्टूबर को आगरा खंड स्नातक क्षेत्र के चुनाव के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी अमरेश पाल सिंह के समर्थन में अतुल दास द्वारा क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मतदान केंद्र पर मतदाताओं से वोट देने की अपील किए जाने की बात सामने आई थी। बताया गया कि इस दौरान प्रधानाचार्य परिषद के जिला सचिव बृजभूषण सिंह भी उनके साथ मौजूद थे।

अब जिला विद्यालय निरीक्षक के आदेश के बाद जिला क्रीड़ा प्रभारी की जिम्मेदारी केशव गंगवार को सौंप दी गई है।