लखनऊ। दिव्यांगजनों की प्रतिभा, कौशल और उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुरुवार को लखनऊ में दिव्य दीपावली मेला-2026 का भव्य आयोजन किया गया। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की ओर से आयोजित इस मेले का उद्घाटन विभाग के प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह ने फीता काटकर किया।
मेले में 09 विभागीय संस्थाओं और 16 स्वैच्छिक संस्थाओं ने प्रतिभाग किया। यहां दिव्यांग उद्यमियों और कारीगरों की ओर से तैयार हस्तशिल्प, सजावटी सामग्री, दीपक, मोमबत्तियां, दीपावली पूजन सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुओं सहित विभिन्न हस्तनिर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाए गए।
प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर उत्पादों की गुणवत्ता, कलात्मकता और उपयोगिता की सराहना की। उन्होंने दिव्यांग उत्पादकों और प्रतिभागियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही आम नागरिकों से अपील की कि वे दिव्यांगजनों द्वारा तैयार उत्पादों की खरीदारी कर उनके हुनर, मेहनत और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करें।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन किसी भी क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम हैं। जरूरत इस बात की है कि उन्हें समान अवसर, उचित मंच और बाजार उपलब्ध कराया जाए। ऐसे आयोजन उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मेले में आम नागरिकों की भागीदारी को विशेष महत्व दिया गया, जिससे दिव्यांगजनों के उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंच सकें और उनके लिए स्थायी बाजार विकसित हो सके।
कार्यक्रम के माध्यम से विभाग ने संदेश दिया कि दिव्यांगजनों को दया नहीं, बल्कि अवसर, सम्मान और समान भागीदारी की आवश्यकता है। विभाग ने भविष्य में भी ऐसे प्रोत्साहन कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।




