- रखा दरगाह के सामने गली में मिट्टी उठान
- मोटी रकम लेकर ट्रैक्टर चलवाने की भी चर्चा
- पुलिस और खनन विभाग की कार्रवाई पर निगाहें
फर्रुखाबाद।फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में कथित अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। रखा दरगाह के सामने स्थित गली में रात के अंधेरे में मिट्टी का उठान किए जाने का आरोप लगाया गया है। रात करीब 11:30 बजे तक मिट्टी से भरे ट्रैक्टर जिला जेल चौराहे की ओर से गुजरते दिखाई दिए। ट्रैक्टरों के आवागमन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रात के समय मिट्टी से भरे ट्रैक्टर बेखौफ होकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि मोटी रकम लेकर ट्रैक्टरों का आवागमन कराया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि मिट्टी उठान की अनुमति दी गई है तो रात में किस नियम और शर्त के तहत काम किया जा रहा है? यदि खनन अवैध है तो संबंधित लोगों के खिलाफ अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? वायरल वीडियो की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मामले की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी अभय वर्मा ने तत्काल फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी को सूचना दी। अब पुलिस और खनन विभाग की जांच तथा कार्रवाई का इंतजार है। देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर ट्रैक्टरों की पहचान कर संबंधित लोगों के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।



