क्रासर
एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी मांगों पर कार्रवाई न होने से फार्मेसिस्टों में आक्रोश, एसोसिएशन ने सीएमओ को भेजा पत्र
फर्रुखाबाद। जनपद के फार्मेसिस्टों की समस्याओं का निराकरण न होने से उनमें नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश की जनपद शाखा फर्रुखाबाद ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो 13 नवंबर को सीएमओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
एसोसिएशन की ओर से दो नवंबर 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि फार्मेसिस्टों की विभिन्न समस्याओं के संबंध में पूर्व में सात सितंबर और 15 सितंबर 2026 को भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र भेजकर समस्याओं के समाधान का अनुरोध किया गया था। इसके बावजूद एक माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी किसी समस्या का निराकरण नहीं किया गया है। इससे जनपद के फार्मेसिस्टों में वेदना और आक्रोश व्याप्त है।
पत्र में संगठन ने कहा कि फार्मेसिस्ट स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी समस्याओं की अनदेखी किए जाने से कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है। एसोसिएशन ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से फार्मेसिस्टों की भावनाओं और परेशानियों को ध्यान में रखते हुए लंबित समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो जनपद के फार्मेसिस्ट 13 नवंबर 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। संगठन ने पत्र में इसकी जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी पर डालते हुए समस्याओं के समाधान की मांग दोहराई है।
यह पत्र एसोसिएशन के अध्यक्ष चक्र सिंह यादव एवं सचिव जितेन्द्र सिंह की ओर से जारी किया गया है। पत्र की प्रतिलिपि महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उत्तर प्रदेश लखनऊ, अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कानपुर मंडल, जिलाधिकारी, लोहिया अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों एवं संगठन पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और सूचना के लिए भेजी गई है।


