छत के रास्ते घर में घुसकर अलमारी से नकदी लेकर फरार हुआ चोर, पुलिस ने शुरू की जांच

नवाबगंज, फर्रुखाबाद।

नवाबगंज नगर के मोहल्ला पुराना गनीपुर निवासी अध्यापक अखिलेश वर्मा के घर सोमवार रात चोर ने धावा बोल दिया। छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोर ने अलमारी में रखी डेढ़ लाख रुपये की नकदी पार कर दी। वारदात के दौरान परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। चोर की करतूत घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

पीड़ित अध्यापक अखिलेश वर्मा ने बताया कि सोमवार रात करीब एक बजे एक चोर छत के रास्ते उनके घर में दाखिल हुआ। उस समय घर के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। जबकि उनका छोटा भाई नगर में चल रही रामलीला देखने गया था। घर के जीने का दरवाजा पूरी तरह बंद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोर आसानी से अंदर पहुंच गया।

चोर सीधे अखिलेश वर्मा के कमरे में पहुंचा और अलमारी में रखी नकदी निकाल ली। पीड़ित के मुताबिक, अलमारी में 50-50 हजार रुपये की तीन गड्डियां रखी थीं। चोर कुल डेढ़ लाख रुपये की नकदी लेकर छत के रास्ते ही दबे पांव फरार हो गया। इसके अलावा उसने पास में रखे एक थैले को भी खंगाला।

रात करीब डेढ़ बजे घर के बाहर कुछ लोगों की आवाज सुनकर अखिलेश वर्मा की नींद खुल गई। वह बाहर आए तो उन्हें छत से एक चोर कूदकर भागता दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी और उसमें रखी नकदी गायब थी। चोरी की जानकारी होते ही परिवार में हड़कंप मच गया।

पीड़ित ने तत्काल यूपी-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में चोर साफ दिखाई दे रहा है। फुटेज देखकर मोहल्ले के लोगों ने भी चोर की पहचान करने का प्रयास किया।

घटना की जानकारी मिलने पर क्राइम प्रभारी निरीक्षक ब्रज मोहन पाल और कस्बा प्रभारी गीतम सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने में जुटी है।