फर्रुखाबाद। राजेपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर गढ़िया गांव में जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज करने और लाठी-डंडों से हमला कर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक पक्ष के शिवम पुत्र रामखिलाड़ी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके परिवार का राजबहादुर पुत्र राम सिंह से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। आरोप है कि 30 अक्टूबर 2026 की शाम करीब साढ़े पांच बजे राजबहादुर, रामबाबू, रामशंकर और नीरज ने उनके परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर ओम सिंह के साथ लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की गई।
शिवम के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे हरिओम, शिवओम और सरिता भी मारपीट में घायल हो गए। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के रामशंकर ने भी पुलिस को तहरीर देकर हरिओम, शिवओम, विकास और पिंकू पर खेत में गाली-गलौज करने तथा लाठी-डंडों से मारपीट कर परिवार के लोगों को घायल करने का आरोप लगाया है।
दोनों पक्षों की शिकायतों पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर मामले की जांच उपनिरीक्षक गौरव कुमार शुक्ला को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


