- फखरपुर में दादा मियां मेले के दौरान हादसा, पानी फैलने से मची अफरा-तफरी; घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

बहराइच। फखरपुर में चल रहे दादा मियां मेले में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। मेले में आयोजित जलपरी शो के एक्वेरियम का शीशा अचानक फट गया। हादसे में जलपरी का करतब दिखा रही युवती और तीन बच्चों समेत 10 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के मुताबिक, जलपरी शो के दौरान एक्वेरियम में पानी भरकर युवती करतब दिखा रही थी। इसी बीच अचानक एक्वेरियम का शीशा टूट गया और उसमें भरा पानी तेजी से बाहर फैल गया। शीशे के टुकड़ों और पानी की चपेट में आने से आसपास मौजूद कई लोग घायल हो गए।

हादसे में खालिदपुर निवासी सादिक (11) पुत्र शाकिम अहमद और फहाद (10) पुत्र सुहेल घायल हो गए। इसके अलावा माधवपुर निवासी अर्श (10) पुत्र हलीम भी हादसे की चपेट में आ गया।

सादिक और फहाद को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि अर्श का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

एक्वेरियम का शीशा फटते ही पानी पूरे आसपास के क्षेत्र में फैल गया। अचानक हुई घटना से मेले में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग इधर-उधर भागने लगे। हादसे में घायल अन्य लोगों को भी उपचार के लिए पहुंचाया गया।

मेले में इस तरह के शो के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हादसे के कारणों और आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति की जांच आवश्यक है।