- डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने किया निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण, जनवरी 2027 में उद्घाटन की तैयारी

प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए निर्माणाधीन सिक्स लेन पुल का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण कर अधिकारियों को 25 दिसंबर 2026 तक दोनों लेन का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य दिया है। जनवरी 2027 में माघ मेले से पहले पुल को जनता के लिए खोलने की तैयारी है।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने निर्माण एजेंसी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि तकनीकी रूप से संभव होने पर निर्धारित समय से पहले ही निर्माण कार्य पूरा कराने का प्रयास किया जाए।

केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि यह देश में अपनी तरह का पहला प्रोजेक्ट है। 25 दिसंबर को भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती है। इसी अवसर तक पुल की दोनों लेन तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि पुल का निर्माण तकनीकी कार्य है, इसलिए अंतिम निर्णय निर्माण की वास्तविक प्रगति और तकनीकी स्थिति को देखते हुए लिया जाएगा।

इस सिक्स लेन पुल के शुरू होने से प्रयागराज की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। खासकर माघ मेले के दौरान संगम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।