कानपुर: कानपुर (Kanpur) जिले के पनकी स्थित अमन एनक्लेव अपार्टमेंट के एक फ्लैट में 82 वर्षीय डॉक्टर (Doctor) प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव का शव मिला है। फ्लैट से दुर्गंध आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद करीब पांच दिन पुराना शव बरामद हुआ। उस समय डॉक्टर का मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटा विजय श्रीवास्तव भी उनके पास बैठा था।
जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव अपने बेटे विजय के साथ फ्लैट में रहते थे। उनकी तीन बेटियां अर्चना, भावना और प्रीति हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। अर्चना के बेटे अनमोल ने बताया कि उसने नई कार खरीदी थी। मंदिर में दर्शन करने के बाद वह अपनी मां के साथ पनकी के रतनपुर स्थित नाना के फ्लैट पर प्रसाद देने पहुंचा। वहां पहुंचने पर घर में तेज दुर्गंध महसूस हुई। अंदर जाकर देखा तो नाना का शव बिस्तर पर पड़ा था और मामा विजय पास में बैठे हुए थे।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि डॉक्टर के बेटे को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया गया है। पुलिस के अनुसार, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।




