शमशाबाद, फर्रुखाबाद। स्कॉर्पियो कार सवार लोगों द्वारा एक अधेड़ व्यक्ति का अपहरण कर ले जाने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही शमशाबाद थाना पुलिस सक्रिय हो गई और आनन-फानन में संदिग्ध स्कॉर्पियो कार की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस ने फैजबाग के पास घेराबंदी कर स्कॉर्पियो को रोक लिया और उसमें सवार युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना के संबंध में बताया गया कि कायमगंज की ओर से शमशाबाद थाना पुलिस को सूचना दी गई थी कि एक स्कॉर्पियो कार में सवार कुछ लोग एक अधेड़ व्यक्ति का अपहरण कर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस ने तत्काल संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी और रास्ते में घेराबंदी कर दी।

थाना अध्यक्ष सचिन चौधरी ने पुलिस बल के साथ फैजबाग में स्कॉर्पियो को रोककर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद कार में सवार युवकों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उनसे घटना के संबंध में विस्तार से पूछताछ की गई।

इस मामले में थाना अध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि पुलिस को एक अधेड़ व्यक्ति का अपहरण किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोक लिया गया और उसमें सवार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

प्रारंभिक पूछताछ में मामला अपहरण का न होकर मारपीट और रुपये के लेनदेन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।