लखनऊ | राजधानी लखनऊ में दीपावली के त्योहार को देखते हुए बाजारों में खरीदारी करने वालों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। धनतेरस और दीपावली से पहले अमीनाबाद, भूतनाथ, हजरतगंज और पत्रकारपुरम जैसे प्रमुख बाजारों में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। छह नवंबर से नौ नवंबर तक इन चारों बाजारों में ऑटो, टेंपो और कारों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान शहर के कई प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बाजारों में जाम की समस्या से लोगों को बचाने और खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। चार दिनों तक निर्धारित बाजार क्षेत्रों में सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों से अपने गंतव्य तक पहुंचना होगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।

अमीनाबाद बाजार में खरीदारी करने जाने वाले लोगों के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। हैदरगंज और सआदतगंज की ओर से आने वाले थ्री व्हीलर, विक्रम और टेंपो नक्खास तिराहे से नादान महल रोड होते हुए यहियागंज और रकाबगंज पुल के रास्ते अमीनाबाद की ओर नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को नक्खास तिराहे से सीधे मेडिकल कॉलेज चौराहा और शाहमीना तिराहे की ओर भेजा जाएगा। अमीनाबाद बाजार में आने वाले चार पहिया वाहनों के लिए झंडेवाला पार्क के पास बनी भूमिगत पार्किंग निर्धारित की गई है।

भूतनाथ बाजार में भी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। पॉलीटेक्निक चौराहे से भूतनाथ मार्केट की ओर जाने वाला सामान्य यातायात भूतनाथ तिराहे से दाहिने मुड़कर बाजार की तरफ नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहनों को भूतनाथ तिराहे से लेखराज मार्केट चौराहा, फिर नीलगिरि चौराहे की ओर भेजा जाएगा। इसी तरह कलेवा चौराहे से गार्डेन बेकरी तिराहे के रास्ते भूतनाथ बाजार जाने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्ग से गुजरना होगा। वाहन गार्डेन बेकरी के सामने से नीलगिरि चौराहा और लेखराज मार्केट चौराहे होकर जा सकेंगे। बाजार आने वाले चार पहिया वाहनों को भूमिगत पार्किंग में खड़ा करना होगा।

पत्रकारपुरम बाजार में भी छह से नौ नवंबर तक यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। मनोज पांडेय चौराहे से बाएं मुड़कर पत्रकारपुरम की तरफ सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहनों को दयाल पैराडाइज चौराहे से हुसड़िया चौराहे की ओर भेजा जाएगा। वहीं हुसड़िया चौराहे से पत्रकारपुरम चौराहे की तरफ जाने वाले वाहनों को सीधे दयाल पैराडाइज चौराहे की ओर जाना होगा। नीलकंठ मोड़ से आर्यन रेस्टोरेंट तक किसी भी वाहन को बाजार क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसी प्रकार आर्यन रेस्टोरेंट से नीलकंठ की ओर भी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। पत्रकारपुरम बाजार आने वाले चार पहिया वाहन आसपास निर्धारित खाली स्थानों पर पार्क किए जा सकेंगे।

हजरतगंज बाजार में खरीदारी करने वालों के लिए भी ट्रैफिक पुलिस ने विस्तृत डायवर्जन प्लान तैयार किया है। चारबाग की तरफ से आने वाले वाहन अटल चौक से बाएं मुड़कर मेफेयर तिराहा और अल्का तिराहा की ओर जा सकेंगे। अटल चौक से डीएम आवास के बीच किसी भी वाहन को रुकने की अनुमति नहीं होगी। इस मार्ग को नो-स्टॉप जोन बनाया गया है।

लीला सिनेमा रोड से आने वाला यातायात बैंक ऑफ इंडिया तिराहे से बाएं मुड़कर अल्का तिराहे की तरफ नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहनों को बैंक ऑफ इंडिया तिराहे से दाएं मुड़कर डनलप तिराहा और सहारा मॉल की ओर जाना होगा। वहीं सप्रू मार्ग से डनलप तिराहे के रास्ते अल्का तिराहे की तरफ जाने वाले वाहनों को भी प्रतिबंधित किया गया है। ये वाहन डनलप तिराहे से बाएं मुड़कर बैंक ऑफ इंडिया होते हुए हजरतगंज जा सकेंगे या दाएं मुड़कर सहारा मॉल और शाहजनफ रोड की ओर जा सकेंगे।

सिकंदरबाग चौराहे से शाहजनफ रोड होते हुए सहारागंज मोड़ से डनलप तिराहे और बैंक ऑफ इंडिया के रास्ते अल्का तिराहे की ओर जाने वाले यातायात को भी प्रतिबंधित किया गया है। ऐसे वाहन सहारागंज मोड़ से सीधे चिरैयाझील की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा परिवर्तन चौक से हजरतगंज की ओर जाने वाले वाहनों को भी रोककर केडी सिंह बाबू स्टेडियम तिराहे से चिरैयाझील और सिकंदरबाग की ओर भेजा जाएगा।

लालबाग चौराहे से मेफेयर तिराहे की तरफ आने वाले वाहनों के लिए भी मार्ग बदला गया है। ऐसे वाहन लालबाग से वाल्मीकि तिराहा होते हुए, थाना हजरतगंज के सामने से बाएं मुड़कर केडी सिंह बाबू स्टेडियम की ओर जा सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि प्रतिबंधित मार्गों पर जाने की कोशिश न करें और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें।

हजरतगंज में खरीदारी करने वाले लोगों के लिए पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। लीला सिनेमा रोड से आने वाले चार पहिया वाहन मल्टीस्टोरी पार्किंग के पिछले गेट से प्रवेश कर अपने वाहन खड़े कर सकेंगे। वहीं परिवर्तन चौक से हजरतगंज बाजार आने वाले चार पहिया वाहन हिंदी संस्थान से बाएं मुड़कर सरोजनी नायडू पार्क की भूमिगत पार्किंग में खड़े किए जा सकेंगे। इससे बाजार के आसपास सड़कों पर वाहनों की भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।