- बोले- व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं, दलालों की खैर नहीं!

- कंपिल में आतिशबाजी बाजार सजते ही वसूली की शिकायतों से गरमाया माहौल

- मौके पर पहुंचे नगर पंचायत प्रतिनिधि ने दुकानदारों को दिया भरोसा

- पैसे मांगने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी

कंपिल, फर्रुखाबाद । आतिशबाजी की दुकानें लगवाने के नाम पर पटाखा व्यापारियों से कथित अवैध वसूली की शिकायत सामने आते ही नगर पंचायत प्रतिनिधि उदयपाल सिंह यादव का पारा चढ़ गया। शनिवार दोपहर दुकानदारों के बीच पहुंचे उदयपाल यादव ने साफ शब्दों में कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुकान लगवाने के नाम पर दलाली और वसूली करने वालों की अब खैर नहीं है।

उन्होंने व्यापारियों से दो टूक कहा कि किसी भी व्यक्ति को दुकान लगाने के नाम पर एक भी रुपया देने की जरूरत नहीं है। यदि किसी ने पहले पैसे वसूले हैं तो व्यापारी खुलकर सामने आएं और इसकी जानकारी दें। संबंधित व्यक्ति से रकम वापस कराने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

दरअसल, जिला प्रशासन की ओर से आतिशबाजी की अस्थायी दुकानों के लिए निर्धारित आठ स्थलों की सूची में कंपिल का नाम शामिल नहीं था। इससे स्थानीय पटाखा कारोबारियों में नाराजगी थी। लंबे प्रयासों और प्रशासन से बातचीत के बाद कंपिल-कायमगंज मार्ग स्थित एक निजी खेत में आतिशबाजी का बाजार लगाने की मौखिक सहमति मिली। इसके बाद दुकानदारों ने राहत की सांस ली।

लेकिन बाजार सजने के साथ ही कथित वसूली की शिकायतें सामने आने लगीं। इसकी जानकारी पर उदयपाल यादव मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनके साथ किसी तरह की मनमानी नहीं होने दी जाएगी।

थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया कि उपजिलाधिकारी के मौखिक आदेश पर दुकानें लगवाई गई हैं।

कंपिल में पटाखा बाजार के नाम पर कथित अवैध वसूली का मामला गरमाया! चर्चित महेश शाक्य और विवेक कश्यप को लेकर भी कस्बे में चर्चाएं और शिकायतें सामने आने का दावा किया जा रहा है। व्यापारियों के उत्पीड़न और कथित दलाली के आरोपों पर नगर पंचायत प्रतिनिधि उदयपाल सिंह यादव ने कड़ा रुख अपनाया। दो टूक कहा—व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा, दलालों की खैर नहीं!

आखिर कंपिल में किसके इशारे पर चल रहा है वसूली का खेल? क्या प्रशासन इन शिकायतों की जांच कराएगा?