8 से 10 नवंबर तक अवकाश के बावजूद जारी रहेंगी इमरजेंसी और प्रसव सेवाएं, लोहिया अस्पताल से सीएचसी तक जारी हुआ ड्यूटी रोस्टर

फर्रुखाबाद। दीपावली के त्योहार पर जहां सरकारी कार्यालयों में अवकाश रहेगा, वहीं मरीजों की सुविधा को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 8 से 10 नवंबर तक अस्पतालों में आपातकालीन चिकित्सा, प्रसव और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से संचालित रहेंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला मुख्यालय से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष चिकित्सालय, सिविल अस्पताल लिंजीगंज सहित शमसाबाद, कमालगंज, नवाबगंज, कायमगंज और मोहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अलग-अलग ड्यूटी रोस्टर जारी किए गए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि त्योहार के दौरान किसी भी मरीज को उपचार के अभाव में परेशानी न उठानी पड़े।

शमसाबाद सीएचसी में तीन पालियों में ड्यूटी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमसाबाद में 8 से 10 नवंबर तक सुबह, दोपहर और रात्रि की तीन पालियों में चिकित्सकों की तैनाती की गई है। डॉ. नितिन कुमार राजपूत, डॉ. अरविंद कुमार और डॉ. अनीश भारती को अलग-अलग पालियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके सहयोग के लिए अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की भी ड्यूटी निर्धारित की गई है।

कमालगंज में प्रतिदिन बदलेंगे चिकित्सक

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में 8 नवंबर को डॉ. जुबैर, 9 नवंबर को डॉ. अनुपम वर्मा और 10 नवंबर को डॉ. विनेश माथुर मरीजों को चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। इनके साथ फार्मासिस्ट और वार्ड ब्वॉय की भी ड्यूटी लगाई गई है।

नवाबगंज, कायमगंज और मोहम्मदाबाद में भी इंतजाम

दीपावली के दौरान नवाबगंज, कायमगंज और मोहम्मदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी आकस्मिक चिकित्सा सेवाओं के लिए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का ड्यूटी रोस्टर तैयार किया गया है। संबंधित चिकित्सा इकाइयों को निर्धारित समय पर कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

लिंजीगंज अस्पताल में प्रसव सेवाओं पर विशेष ध्यान

सिविल अस्पताल लिंजीगंज में इमरजेंसी सेवाओं के लिए सुबह, दोपहर और रात की अलग-अलग पालियों में चिकित्सकों की तैनाती की गई है। इसके अलावा लेबर रूम में प्रसव सेवाएं जारी रखने के लिए स्टाफ नर्स और सहयोगी कर्मचारियों का अलग रोस्टर बनाया गया है। इससे दीपावली के दौरान गर्भवती महिलाओं और प्रसूताओं को उपचार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

लोहिया अस्पताल में तीनों दिन 24 घंटे इमरजेंसी ड्यूटी

डॉ. राममनोहर लोहिया पुरुष चिकित्सालय में 8 से 10 नवंबर तक तीन पालियों में चिकित्सकों की इमरजेंसी ड्यूटी निर्धारित की गई है।

8 नवंबर को सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक डॉ. ऋषि अग्निहोत्री, दोपहर 2 से रात 8 बजे तक डॉ. वैभव यादव और रात 8 से अगले दिन सुबह 8 बजे तक डॉ. प्रदीप राजपूत जिम्मेदारी संभालेंगे।

9 नवंबर को सुबह डॉ. वैभव यादव, दोपहर में डॉ. दीपक तिवारी और रात्रि में डॉ. ऋषि अग्निहोत्री की ड्यूटी रहेगी।

10 नवंबर को सुबह डॉ. प्रदीप राजपूत, दोपहर में डॉ. ऋषि अग्निहोत्री और रात्रि में डॉ. वैभव यादव इमरजेंसी सेवाएं संभालेंगे।

सीएमओ ने दिए लापरवाही न बरतने के निर्देश

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी संबंधित चिकित्सा इकाइयों को जारी ड्यूटी रोस्टर का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। चिकित्सकों, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को अपनी निर्धारित ड्यूटी पर समय से उपस्थित रहने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि दीपावली के दौरान पटाखों से जलने, दुर्घटनाओं और अन्य आकस्मिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। विभाग की कोशिश है कि त्योहार की खुशियों के बीच किसी भी जरूरतमंद मरीज को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।