लखनऊ। राजधानी में तैनात एक पुलिस आरक्षी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान महेश कनौजिया के रूप में हुई है। वह वर्ष 2018 बैच के आरक्षी थे और रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात थे।
जानकारी के मुताबिक, आरक्षी महेश कनौजिया को अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। उनकी हालत बिगड़ती देख साथी पुलिसकर्मी तत्काल उन्हें उपचार के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) लेकर पहुंचे।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका परीक्षण किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने आरक्षी को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मौत हार्ट अटैक के चलते हुई है।
आरक्षी की अचानक मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। साथी पुलिसकर्मियों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया। महेश कनौजिया की मौत से उनके परिजनों और परिचितों में भी शोक व्याप्त है।



