लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर इलाके में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कानपुर रोड पर दरोगा खेड़ा के पास एक स्कॉर्पियो आगे चल रही डीसीएम में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और डीसीएम के पिछले चारों पहिए वाहन से अलग होकर बाहर निकल गए। हादसे में स्कॉर्पियो सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में कुल छह लोग सवार थे। सभी झांसी से अपने घर देवरिया लौट रहे थे। शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे उनकी गाड़ी सरोजनीनगर क्षेत्र में दरोगा खेड़ा के पास एलिवेटेड एक्सप्रेसवे से उतरकर कानपुर रोड पर पहुंची। इसी दौरान स्कॉर्पियो आगे चल रही डीसीएम में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो में देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के शंकर नगर मझौली निवासी हिमांशु (22), किशोर कुमार (25), सुधीर (23), सतीश (24), हीरा (25) और अच्छे लाल (27) सवार थे। बताया गया कि स्कॉर्पियो किशोर कुमार चला रहा था। सभी लोग झांसी से अपने घर लौट रहे थे और कानपुर एक्सप्रेसवे के रास्ते यात्रा कर रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्कॉर्पियो इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी कि उसमें सवार लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, गाड़ी के अंदर लोग बुरी तरह फंसे होने के कारण उन्हें निकालने में काफी परेशानी हुई। इसके बाद पुलिस ने फायर कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीम ने स्कॉर्पियो का गेट काटकर चालक किशोर कुमार और उसके बगल में बैठे हिमांशु को बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद अन्य घायलों को भी बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों को तत्काल लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य पांच घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्कॉर्पियो की टक्कर से डीसीएम के पिछले चारों पहिए वाहन से अलग होकर बाहर निकल गए। दुर्घटना के बाद डीसीएम चालक अपना वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक हिमांशु के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल सरोजनीनगर पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ फरार डीसीएम चालक की भी तलाश कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं, वहीं पांच अन्य परिवार अपने घायल परिजनों के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए हुए हैं।




