नवाबगंज। नवाबगंज नगर के मुख्य बाजार मार्ग पर धनतेरस के त्योहार को लेकर शुक्रवार सुबह से ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। त्योहार के चलते बर्तन की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों का पहुंचना शुरू हो गया। दिनभर बाजार में खरीदारी का सिलसिला चलता रहा।

धनतेरस पर शुभ खरीदारी की परंपरा को देखते हुए लोगों ने अपनी पसंद के अनुसार तरह-तरह के बर्तनों की जमकर खरीदारी की। बाजार में स्टील, पीतल, तांबा और अन्य धातुओं के बर्तनों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। महिलाओं और पुरुषों ने घर की जरूरत के साथ-साथ त्योहार के लिए भी बर्तन खरीदे।

बर्तन दुकानदार रूम सिंह शाक्य, शिवकुमार गुप्ता, मुकेश गुप्ता और आलोक गुप्ता ने बताया कि धनतेरस को लेकर सुबह से ही दुकानों पर ग्राहकों का पहुंचना शुरू हो गया था। लगातार ग्राहकों की भीड़ बनी हुई है और अच्छी बिक्री हो रही है। त्योहार को लेकर बाजार में खरीदारी का खास उत्साह देखने को मिल रहा है।