नवाबगंज। धनतेरस के त्योहार को लेकर नगर के मुख्य बाजार में सुबह से ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ने लगी। बाजार में लगातार बढ़ रही भीड़ और वाहनों की आवाजाही से जाम की स्थिति पैदा न हो, इसके लिए नवाबगंज थाना पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए। पुलिस ने नगर के मुख्य चौराहे और सब्जी मंडी तिराहे के पास पुलिस बल तैनात कर यातायात व्यवस्था की कमान संभाली।
पुलिसकर्मियों ने मुख्य बाजार मार्ग पर चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी। इसके साथ ही बड़े वाहनों को भी बाजार के अंदर जाने से रोक दिया गया। वहीं बाजार में आने-जाने वाले ई-रिक्शा के प्रवेश पर भी पाबंदी लगाई गई, ताकि संकरे बाजार मार्ग पर वाहनों की अधिक आवाजाही न हो और खरीदारी करने पहुंच रहे लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
धनतेरस के अवसर पर बर्तन, सराफा, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य दुकानों पर खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में बाजार में पैदल चलने वालों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने वाहनों को मुख्य बाजार से बाहर ही रोकने की व्यवस्था की। पुलिसकर्मी चौराहों और प्रमुख रास्तों पर मुस्तैद रहकर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत देते नजर आए।
पुलिस की इस व्यवस्था का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजार में जाम की समस्या को रोकना और खरीदारी करने आने वाले लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराना रहा।





