लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। राजधानी लखनऊ समेत पूरे अवध क्षेत्र में राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने भी संगठन को सक्रिय करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी मोर्चे पर तैयार करने की कवायद तेज कर दी है। बीते 3 नवंबर को लखनऊ में भाजपा की ओर से लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा निकाली गई, जिसमें अवध क्षेत्र के बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस पदयात्रा का नेतृत्व भाजपा अवध क्षेत्र के अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने किया।

अवधेश द्विवेदी ने पदयात्रा के उद्देश्य, विपक्ष की राजनीति, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने विपक्ष पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और आने वाले चुनाव में भाजपा कार्यकर्ता विपक्ष का मजबूती से मुकाबला करेंगे।

लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा के उद्देश्य पर अवधेश द्विवेदी ने कहा कि विपक्ष के लोग जिस तरह समाज को बांटने और उसमें जहर घोलने का काम कर रहे हैं, उसके जवाब में भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से यह पदयात्रा निकाली गई। उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल लखनऊ तक सीमित नहीं था, बल्कि देशभर में 150 से अधिक स्थानों पर इस तरह की पदयात्राएं निकाली जा रही हैं। उनके मुताबिक, इस अभियान के माध्यम से पार्टी ने घुसपैठ और नागरिकता से जुड़े मुद्दों पर अपना पक्ष जनता के सामने रखा है। उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि एसआईआर लागू होने के बाद घुसपैठियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हुई है। अवधेश द्विवेदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि भारत देश भारतवासियों का है और इसी संदेश को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से पदयात्रा निकाली। उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित राजनीतिक दल है और उसके कार्यकर्ता अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।

गृहमंत्री अमित शाह के लखनऊ दौरे के दौरान भाजपा को उत्तर प्रदेश में 'अंगद का पांव' बताए जाने और इसके जवाब में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी पर भी अवधेश द्विवेदी ने प्रतिक्रिया दी। अखिलेश यादव ने कहा था कि जब जमीन ही नहीं बचेगी तो पैर कहां रखेंगे? इस पर भाजपा अवध क्षेत्र अध्यक्ष ने पलटवार करते हुए कहा कि जमीन किसकी बची है और किसकी नहीं, यह सबको दिखाई दे रहा है। उन्होंने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि आगामी 2027 के चुनाव में विपक्ष की जमीन और कमजोर होगी। उनके अनुसार, इसी बात को लेकर विपक्ष के नेता बौखलाहट में बयान दे रहे हैं।

आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के साथ पंचायत चुनावों को देखते हुए पार्टी की तैयारियों पर अवधेश द्विवेदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अनुशासित सिपाही और स्वयंसेवक की तरह काम करता है। पार्टी के कार्यकर्ता हर दिन और हर परिस्थिति में समाज के कार्यों के साथ-साथ चुनावी जिम्मेदारियों के लिए तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव कभी भी हों, भाजपा संगठन को इसकी चिंता नहीं है, क्योंकि पार्टी के कार्यकर्ता पूरी तरह सक्रिय और तैयार हैं।