नवाबगंज। दीपावली पर्व को लेकर शुक्रवार को नवाबगंज नगर के मुख्य बाजार में रौनक देखने को मिली। धनतेरस के अवसर पर पूजन सामग्री की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। लोगों ने दीपावली पर घरों में पूजन के लिए भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमाओं की जमकर खरीदारी की।

बाजार में छोटी से लेकर बड़ी और आकर्षक डिजाइन वाली गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमाएं उपलब्ध रहीं। ग्राहकों ने अपनी पसंद और बजट के अनुसार प्रतिमाओं की खरीदारी की। दुकानदारों ने बताया कि धनतेरस के दिन गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमाओं की अच्छी मांग रही। त्योहार को देखते हुए दुकानदारों ने पहले से ही पर्याप्त मात्रा में प्रतिमाओं की व्यवस्था कर रखी थी।

दुकानदार आलोक भारद्वाज, रितेश राठौर और अंशुल राठौर ने बताया कि धनतेरस पर लोगों ने दीपावली पूजन के लिए गणेश और लक्ष्मी की प्रतिमाएं खरीदीं। बाजार में प्रतिमाओं की कीमत 20 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक रही। ग्राहकों ने अपनी पसंद के अनुसार छोटी-बड़ी प्रतिमाओं की खरीदारी की।