- टक्कर इतनी भीषण कि महिला का सिर धड़ से अलग हुआ, हादसे के बाद मची चीख-पुकार
- ई-रिक्शा चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
हरदोई। पचदेवरा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर धर्मपुर गांव के पास सीएनजी ऑटो और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। हादसे में महिला का सिर धड़ से अलग हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मृतका की पहचान फर्रुखाबाद जिले के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी रामगुनी पत्नी दयाराम के रूप में हुई है। बताया गया कि रामगुनी ऑटो में सवार होकर जा रही थीं। इसी दौरान धर्मपुर गांव के पास सीएनजी ऑटो और ई-रिक्शा की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार छह लोग घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पचदेवरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव ने बताया कि सीएनजी ऑटो और ई-रिक्शा की भिड़ंत में महिला की मौत हुई है। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।




