- एक ही परिवार के पांच सदस्यों ने गंवाई जान, कार सवार आठ लोगों में दो गंभीर घायल

- मेडिकल कॉलेज में चल रहा उपचार

कुशीनगर। जिले में भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। हाटा कोतवाली क्षेत्र के थारूआडीह में कार और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार आठ लोगों में से छह की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग किसी कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।

इस हादसे की सबसे दुखद बात यह रही कि मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। सभी मृतक कुशीनगर के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।

दुर्घटना में घायल दो लोगों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना हाटा कोतवाली क्षेत्र के थारूआडीह की बताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस द्वारा दुर्घटना से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

छह लोगों की असमय मौत से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।