रायबरेली: यूपी के रायबरेली में मथुरा-वृंदावन में दर्शन कर काशी विश्वनाथ (Kashi Vishwanath) के दर्शन की आस लेकर निकले यात्रियों का सफर रविवार को हादसे में बदल गया। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के ऐहार के पास गंगा एक्सप्रेस-वे (Ganga Expressway) पर एक मिनी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान चालक को झपकी आ गई, जिससे बस पर से नियंत्रण छूट गया और वह पलट गई। अचानक हुए हादसे से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दर्शन के लिए निकले परिवारों के बीच अफरा-तफरी फैल गई और कई लोग घायल अवस्था में बस के भीतर फंस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। सभी घायल हावड़ा और कोलकाता के निवासी बताए जा रहे हैं।




