फर्रुखाबाद

जिले में रविवार को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के तीसरे दिन सुबह की पाली की परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। जिले में परीक्षा के लिए कुल 22 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। रविवार सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक पहली पाली की परीक्षा हुई। केंद्रों पर सुबह 8 बजे से अभ्यर्थियों को प्रवेश देना शुरू कर दिया गया था। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की दो स्तर पर मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। इसके बाद बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी कराकर उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।

परीक्षा में नकल और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती गई। क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में पुरुष अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच के साथ जूते भी उतरवाए गए। वहीं एनएकेपी डिग्री कॉलेज में महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग प्रवेश व्यवस्था की गई थी। महिला अभ्यर्थियों से कंगन, कानों की बालियां और हेयर क्लिप उतरवाकर जांच की गई। पुरुष और महिला दोनों अभ्यर्थियों के लॉकेट भी उतरवाए गए। चश्मा लगाने वाले अभ्यर्थियों के चश्मे की भी जांच की गई।

फर्रुखाबाद के परीक्षा केंद्रों पर दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। आजमगढ़ और हरदोई से पुरुष अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि कन्नौज, इटावा और मैनपुरी सहित अन्य जिलों से महिला अभ्यर्थी पहुंचीं। अभ्यर्थी देर रात से ही जिले में आने लगे थे और रविवार सुबह सात बजे से परीक्षा केंद्रों के बाहर भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। एक पाली में आठ हजार से अधिक अभ्यर्थियों के परीक्षा देने की व्यवस्था की गई।

परीक्षा में युवाओं के साथ नौकरी की तलाश में सेना से सेवानिवृत्त अभ्यर्थी भी शामिल हुए। हरदोई निवासी मुकेश पाल सिंह सेना में क्लर्क के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद पीईटी परीक्षा देने फर्रुखाबाद पहुंचे। उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वह नौकरी करना चाहते हैं, इसलिए परीक्षा में शामिल हुए हैं। उनके दो बच्चे हैं और उनकी बड़ी बेटी भी डॉक्टरी की तैयारी कर रही है।

परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जा रही है। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में स्थित दुकानों को भी बंद रखा गया।

शहर के एनएकेपी डिग्री कॉलेज के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ और सड़क किनारे खड़े दोपहिया वाहनों के कारण कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने वाहनों को व्यवस्थित कराकर यातायात सुचारु कराया। प्रशासन की निगरानी में सुबह की पाली की परीक्षा संपन्न हुई।