फर्रुखाबाद। अमृतपुर थाना पुलिस ने अवैध रूप से देशी शराब बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से बब्बर शेर ब्रांड के देशी शराब के 16 पव्वे बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक खूबेलाल पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नयागांव से करनपुर दत्त जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक युवक बोरी में देशी शराब लेकर बिक्री के लिए खड़ा है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक ने चीता मोबाइल पर तैनात कांस्टेबल जितेंद्र सिंह और होमगार्ड संजेश कुमार को मौके पर बुलाया।
पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां मौजूद युवक पुलिस को देखकर तेज कदमों से आगे बढ़ने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम नरवीर पुत्र सुजपाल कुशवाहा, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी नयागांव थाना अमृतपुर बताया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लाइसेंसी शराब की दुकानों से पव्वे खरीदकर अधिक कीमत पर बेचता है। पुलिस ने उससे शराब रखने और बिक्री करने का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
इसके बाद पुलिस ने बोरी की तलाशी ली तो उसमें बब्बर शेर ब्रांड के 16 पव्वे देशी शराब बरामद हुए। बरामद शराब में से एक पव्वे को नमूने के तौर पर सील किया गया, जबकि शेष 15 पव्वों को भी पुलिस ने सील कर दिया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रताप सिंह को सौंपी गई है।




