शिवमोगा। कर्नाटक के शिवमोगा जिले में रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से टकरा गई। टक्कर के बाद बस पलट गई, जिससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कुल 42 लोग घायल हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना शिवमोगा जिले के सागर तालुक में बसवनहोले बांध के पास हुई। रोडवेज बस अपने निर्धारित मार्ग पर जा रही थी, तभी अचानक सड़क किनारे बने पैरापेट (सुरक्षा दीवार) से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क पर पलट गया।

इस दुर्घटना में बस चालक समेत 42 यात्रियों को चोटें आई हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बस चालक का नियंत्रण कैसे बिगड़ा और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।