मोतिहारी: मोतिहारी जिले के सुगौली में STF नारकोटिक्स सेल और स्थानीय थाना की पुलिस (Police) ने थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह और अंचल पुलिस निरीक्षक मुन्ना कुमार के नेतृत्व में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने 1 किलो 970 ग्राम चरस जैसे मादक पदार्थ के साथ तीन तस्करों (smugglers) को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने दो मोबाइल और तीन नेपाली सिम भी बरामद किए हैं।

सोमवार की रात एसटीएफ नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली थी कि रक्सौल से ट्रेन के रास्ते एक व्यक्ति सुगौली पहुंचने वाला है, जिसके पास मादक पदार्थ है। सूचना पर एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने बंगरा ओवरब्रिज के नीचे वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध को पकड़ा। तलाशी में उसके झोले से चार पैकेट में 1.970 किलो चरस जैसा पदार्थ बरामद हुआ। पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो अन्य आरोपितों को भी अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया।

एसडीपीओ सदर-1 दिलीप कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ में चरस सप्लाई करने वाले सिंडिकेट के मुख्य सरगना के संबंध में अहम जानकारी मिली है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान:गुड्डू साह, हरपुर पूर्वी चंपारण, रामबालक बैठा सिकटा पश्चिम चंपारण, डोरा राय घोड़ासहन पूर्वी चंपारण है।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। इस कार्रवाई को नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।