- विवादित बयान को बताया अनुचित
- फिलिस्तीन की तरह मुकाबला करने की बात पर जताया ऐतराज
- बोले- समाज में तनाव बढ़ाने वाले बयान नहीं देने चाहिए; अमन, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील
लखनऊ। औरैया में मौलाना जार्जिश की तकरीर को लेकर उठे विवाद पर मौलाना सुफियान निजामी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने तकरीर में कही गई बातों से असहमति जताते हुए बयान को अनुचित बताया। उन्होंने विशेष रूप से फिलिस्तीन की तरह मुकाबला करने की बात पर ऐतराज जताया।
मौलाना सुफियान निजामी ने कहा कि वह इस तरह के बयानों से इत्तेफाक नहीं रखते हैं। समाज में विवाद और तनाव बढ़ाने वाली बातें नहीं होनी चाहिए। ऐसे बयान समाज के लिए बिल्कुल ठीक नहीं हैं।
उन्होंने उत्तर प्रदेश में मस्जिदों और मदरसों को निशाना बनाए जाने की बात उठाते हुए मुसलमानों के मौजूदा हालात पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि देश के अमन पसंद लोग हमेशा साथ खड़े रहे हैं और समाज में आपसी सहयोग की भावना बनी रहनी चाहिए।
मौलाना निजामी ने सभी लोगों से मिलजुलकर प्यार-मोहब्बत के साथ रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश में आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

