लखनऊ: वैश्विक निवेश को लेकर सीएम योगी (CM Yogi) का बयान सामने आया है। उन्होंने सपा (SP) पर तंज कसते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेश (global investments) आकर्षित करने की न स्पष्ट दृष्टि थी, न कोई ठोस कार्ययोजना। किन्तु डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदला।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व ने रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र से प्रदेश में निवेश एवं औद्योगिक विकास की नई कार्य-संस्कृति विकसित की। बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी नीतियों और निवेश अनुकूल वातावरण से आज उत्तर प्रदेश इन्वेस्टमेंट, इनोवेशन एवं इंडस्ट्री का प्रमुख केंद्र बन रहा है।
आगे सीएम योगी ने ये भी कहा कि इसी बढ़ते वैश्विक विश्वास को नई ऊंचाई देने के लिए आज सिंगापुर के डेलीगेशन के साथ बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश की नई संभावनाओं, वर्तमान की परियोजनाओं को गति देने और निवेश को धरातल पर उतारकर उत्पादन शुरू करने पर चर्चा होगी। हर निवेश से नया उद्योग, हर उद्योग से नया रोजगार और हर रोजगार से परिवारों में खुशहाली, इसी संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।

