सरयू अतिथि गृह में कमिश्नर, डीएम, एडीजी और एसएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक; दीपोत्सव और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे से पहले उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अयोध्या पहुंच गए। उनके पहुंचते ही प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। डीजीपी ने सरयू अतिथि गृह में मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक शुरू की।
बैठक में मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, डीआईजी सोमेन वर्मा, एडीजी जोन प्रवीण कुमार और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, रूट डायवर्जन, वीआईपी मूवमेंट और दीपोत्सव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जा रही है। अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न होने देने के निर्देश दिए जाने की तैयारी है।
डीजीपी द्वारा रामकथा पार्क, राम की पैड़ी और दीपोत्सव स्थल का स्थलीय निरीक्षण भी किए जाने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा इंतजामों, भीड़ नियंत्रण और पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की जाएगी।
मुख्यमंत्री के दौरे और दीपोत्सव को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। प्रशासन और पुलिस विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।


